01 गोलोक खंण्ड || अध्याय 05 भिन्न-भिन्न स्थानों तथा विभिन्न वर्गों की स्त्रियों के गोपी होने के कारण एवं अवतार-व्यवस्था का वर्णन
गर्ग संहिता गोलोक खंण्ड अध्याय 5 भिन्न-भिन्न स्थानों तथा विभिन्न वर्गों की स्त्रियों के गोपी होने के कारण एवं अवतार-व्यवस्था का वर्णन भगवान श्रीहरि कहते हैं- वैकुण्ठ में विराजने वाली रमादेवी की सहचरियाँ, श्वेतद्वीप की सखियाँ, भगवान अजित (विष्णु) के चरणों के आश्रित ऊर्ध्व वैकुण्ठ में निवास करने वाली देवियाँ तथा श्रीलोकाचल पर्वत पर रहने वाली, समुद्र से प्रकटित श्रीलक्ष्मी की सखियाँ- ये सभी भगवान कमलापति के वरदान से व्रज में गोपियाँ होंगी। पूर्वकृत विविध पुण्यों के प्रभाव से कोई दिव्य, कोई अदिव्य और कोई सत्त्व, रज, तम-तीनों गुणों से युक्त देवियाँ व्रजमण्डपल में गोपियाँ होगीं। रुचि के यहाँ पुत्ररूप से अवतीर्ण, द्युलोकपति रुचिर विग्रह भगवान यज्ञ को देखकर देवांगनाएँ प्रेमरस में निमग्न हो गयीं। तदनंतर वे देवलजी के उपदेश से हिमालय पर्वत पर जाकर परम भक्तिभाव से तपस्या करने लगीं। ब्रह्मन ! वे सब मेरे व्रज में जाकर गोपियाँ होंगी। भगवान धनवंतरि जब इस भूतल पर अंतर्धान हुए, उस समय सम्पूर्ण ओषधियाँ अत्यंत दु:ख में डूब गयीं और भारतवर्ष में अपने को निष्फल मानने लगीं। फिर स...