10. अश्वमेध खण्ड || अध्याय 21 || भद्रावतीपुरी तथा राजा योवनाश्व पर अनिरुद्ध की विजय
10. अश्वमेध खण्ड || अध्याय 21 || भद्रावतीपुरी तथा राजा योवनाश्व पर अनिरुद्ध की विजय श्रीगर्ग जी कहते हैं– तदनन्तर विमान पर बैठे हुए ऊषा वल्लभ अनिरुद्ध अपनी विजय दुन्दुभि बजवाते हुए आकाश मार्ग से शीघ्र ही अपनी सेना के पास आ गए। उन सबको आया देख अक्रूर आदि यादवों ने मिल कर सारा कुशल समाचार पूछा और उन लोगों सब कुछ बता दिया। तत्पश्चात् मूर्च्छा त्याग कर बक सहसा उठ खड़ा हुआ। वहाँ यादवों को न देखकर उसने पुत्र से रोषपूर्वक उनके चले जाने का कारण पूछा। तब भीषण ने पिता से सारा वृत्तान्त कह सुनाया। उसकी बात सुन कर रोष से बक के ओठ फड़कने लगे और वह कुपित होकर बोला– मैं जानता हूँ, जैसे सिंह के डर से हरिण भागते हैं, उसी प्रकार यादव मेरे भय से विमान द्वारा भाग कर कुशस्थली को चले गए हैं। इसलिए मैं पृथ्वी को यादवों से सूनी कर दूँगा, इसमें संशय नहीं है। अब मैं कृष्ण की द्वारका में जाकर समस्त यादवों का संहार करूँगा। भीषण ने कहा– महाराज ! क्रोध को रोकिए, यह समय हमारे अनुकूल नहीं है। जब दैव प्रसन्न होगा, तब हम यादवों को जीतेंगे। श्रीगर्गजी कहते हैं– राजन् ! पुत्र के इस प्रकार समझाने पर बकासुर चुप ह...