10. अश्वमेध खण्ड || अध्याय 31 || वृक द्वारा सिंह का और साम्ब द्वारा कुशाम्ब का वध
10. अश्वमेध खण्ड || अध्याय 31 || वृक द्वारा सिंह का और साम्ब द्वारा कुशाम्ब का वध श्रीगर्ग कहते हैं – राजन् ! अपनी सेना की पराजय होती देख गदहे पर चढ़ा हुआ ‘सिंह’ नामक दैत्य रोष से आग बबूला हो उठा और रथ पर बैठे हुए वृक पार बाणों द्वारा प्रहार करने लगा। नरेश्वर ! उन बाणों को अपने ऊपर आया देख युद्धस्थल में श्रीकृष्ण नंदन वृक ने खेल–खेल में ही बाण मारकर उन्हें काट गिराया। सिंह ने फिर बाण मारे और श्रीकृष्ण कुमार ने फिर उन्हें काट डाला । राजन् ! फिर तो रणक्षेत्र में असुरराज सिंह के क्रोध की सीमा न रही। उसने धनुष पर आठ बाण रखे। उनमें से चार बाणों द्वारा उस वीर ने वृक के घोड़ों को यमलोक पहुँचा दिया, एक बाण से हंसते हुए उसने वेगपूर्वक उनके रथ की बहुत ही ऊँची और भयंकर ध्वजा काट डाली और एक बाण से सारथि का सिर धड़ से अलग करके पृथ्वी पर गिरा दिया। फिर एक बाण से रोषपूर्वक रणभूमि में उनके प्रत्यंचा सहित धनुष को काट दिया और एक बाण से उस वेगशाली दैत्य ने वृक की छाती में चोट पहुँचाई । उसके उस अद्भुत कर्म को देखकर सब वीरों को बड़ा आश्चर्य हुआ। उसी समय वृक ने सहसा उस दैत्य पर शक्ति से आघात किया। वह शक्त...