04. माधुर्य खण्ड || अध्याय 11 || श्री लक्ष्मी जी की सखियों का वृषभानुओं के घरों में कन्या रूप से उत्पन्न होकर माघ मास के व्रत से श्रीकृष्ण को रिझाना और पाना।
श्री गर्ग संहिता 04. माधुर्य खण्ड || अध्याय 11 || श्री लक्ष्मी जी की सखियों का वृषभानुओं के घरों में कन्या रूप से उत्पन्न होकर माघ मास के व्रत से श्रीकृष्ण को रिझाना और पाना। श्रीनारदजी कहते हैं:- मिथिलेश्वर, अब दूसरी का भी वर्णन सुनो, जो समस्त पापों को हर लेने वाला, पुण्यदायक तथा श्रीहरि के प्रति भक्ति भाव की वृद्धि करने वाला है। राजन, व्रज में छ: वृषभानु उत्पन्न हुए हैं, जिनके नाम इस प्रकार हैं:- नीतिवित्, मार्गद, शुक्ल, पतंग, दिव्यावाहन तथा गोपेष्ट, ये नामानुरूप गुणों वाले थे। उनके घर में लक्ष्मीपति नारायण के वरदान से जो कुमारियाँ उत्पन्न हुई, उनमें से कुछ तो रमा-वैकुण्ठवासिनी और कुछ समुद्र से उत्पन्न हुई लक्ष्मीजी की सखियाँ थीं। कुछ अजितपदवासिनी और कुछ उर्ध्व वैकुण्ठलोक निवासिनी देवियाँ थीं, कुछ लोकाचलवासिनी समुद्रसम्भवा लक्ष्मी सहचारियाँ थीं। उन्होंने सदा श्रीगोविन्द के चरणारविन्द का चिन्तन करते हुए माघ मास का व्रत किया, उस व्रत का उद्देश्य था- श्रीकृष्ण को प्रसन्न करना। माघ मास के शुक्लपक्ष की पंचमी तिथि को, जो भावी वसन्त के शुभागमन का...