05. मथुराखण्ड || अध्याय 02 || केशी का वध
गर्ग संहिता मथुराखण्ड : अध्याय 2 केशी का वध श्रीनारदजी कहते हैं– मिथिलेश्वर ! उधर बलवान एवं मदोन्मत्त महादैत्य केशी घोडे़ का रूप धारण कर रमणी वृन्दावन में गया और मेघ की भाँति गर्जना करने लगा। उसके पैरों के आघात से सुदृढ़ वृक्ष भी टूटकर धराशायी हो जाते थे। पूँछ की चोट खाकर आकाश में घने बादल भी छिन्न–भिन्न हो जाते थे। मैथिलेन्द्र ! उसका वेग दुस्साह था। उसे देखकर गोप-गोपियों के समुदाय अत्यन्त भय से व्याकुल हो भगवान श्रीकृष्ण की शरण में गये। पाप और पापियों को पीड़ा देने वाले भगवान ने ‘डरो मत’ यह कहकर उन सबकों अभयदान दिया और कमर में पीताम्बर कसकर वे उस दैत्य को मार डालने की चेष्टा में लग गये। राजन् ! उस महान असुर ने अपने पिछले पैरों से श्रीहरि के ऊपर आघात किया और पृथ्वी को कँपाता हुआ वह आकाश मण्डल को अपनी गर्जना से गुँजाने लगा। तब, जैसे हवा कमल को उखाड़कर फेंक देती है, उसी प्रकार श्रीकृष्ण ने उस दैत्य के दोनों पैर पकड़कर बाहुबल से घुमाते हुए उसे एक योजन दूर फेंक दिया। उसने भी क्रोध से भरे हुए वहाँ आकर व्रज के प्रांगण में भगवान श्रीहरि के ऊपर अपनी पूँछ से प्रहार किया। राजन...