गर्ग संहिता 01 || गोलोक खण्ड || अध्याय 06 कालनेमि के अंश से उत्पन्न कंस के महान बल पराक्रम और दिग्विजय का वर्णन
गर्ग संहिता गोलोक खंड अध्याय 6 कालनेमि के अंश से उत्पन्न कंस के महान बल पराक्रम और दिग्विजय का वर्णन राजा बहुलाश्व ने कहा- देवर्षि शिरोमणे ! यह महान बल और पराक्रम से सम्पन्न कंस पहले किस दैत्य के नाम से विख्यात था ? आप इसके पूर्वजन्मों और कर्मों का विवरण मुझे सुनाइये। श्रीनारदजी कहते हैं- राजन ! पूर्वकाल में समुद्र मंथन अवसर पर महान असुर कालनेमि ने भगवान विष्णु के साथ युद्ध किया। उस युद्ध में भगवान उसे बलपूर्वक मार डाला। उस समय शुक्राचार्यजी ने अपनी संजीवनी विद्या के बल से उसे पुन: जीवित कर दिया। तब वह पुन: भगवान विष्णु से युद्ध करने के लिये मन ही मन उद्योग करने लगा। उस समय वह दानव मन्दराचल पर्वत के समीप तपस्या करने लगा। प्रतिदिन दूब का रस पीकर उसने देवेश्वर ब्रह्मा की अराधना की। देवताओं के कालमान से सौ वर्ष बीत जाने पर ब्रह्माजी उसके पास गये। उस समय कालनेमि के शरीर में केवलल हड्डियाँ रह गयी थीं और उस पर दीमकें चढ़ गयी थीं। ब्रह्माजी ने उससे कहा- ‘वर माँगो’। कालनेमि ने कहा- इस ब्रह्माण्डँ में जो-जो महाबली देवता स्थित हैं, उन सबके मूल भगवान विष्णु हैं। उन स...