01 गोलोक खण्ड || अध्याय 04 नन्द आदि के लक्षण; गोपीयूथ का परिचय; श्रुति आदि के गोपीभाव की प्राप्ति में कारणभूत पूर्व प्राप्त वरदानों का विवरण

गर्ग संहिता 
गोलोक खण्ड 
अध्याय 4

नन्द आदि के लक्षण; गोपीयूथ का परिचय; श्रुति आदि के गोपीभाव की प्राप्ति में कारणभूत पूर्व प्राप्त वरदानों का विवरण
भगवान ने कहा- ब्रह्मन ! ‘सुबल’ और ‘श्रीदामा’ नाम के मेरे सखा नन्द तथा उपनन्द के घर पर जन्म धारण करेंगे। इसी प्रकार और भी मेरे सखा हैं, जिनके नाम ‘स्तोककृष्ण’, ‘अर्जुन’ एवं ‘अंशु’ आदि हैं, वे सभी नौ नन्दों के यहाँ प्रकट होंगे। व्रजमण्डल में जो छ: वृषभानु हैं, उनके गृह में विशाल, ऋषभ, तेजस्वी, देवप्रस्थ और वरूथप नाम के मेरे सखा अवतीर्ण होंगे।

श्रीब्रह्माजी ने पूछा- देवेश्वर ! किसे ‘नन्द’ कहा जाता है और किसे ‘उपनन्द’ तथा ‘वृषभानु’ के क्या लक्षण हैं?

श्रीभगवान कहते हैं- जो गोशालाओं में सदा गौंओं का पालन करते रहते हैं एवं गो-सेवा ही जिनकी जीविका है, उन्हें मैंने ‘गोपाल’ संज्ञा दी है। अब तुम उनके लक्षण सुनो। गोपालों के साथ नौ लाख गायों के स्वामी को ‘नन्द’ कहा जाता है। पाँच लाख गौओं का स्वामी ‘उपनन्द’ पद को प्राप्त करता है। ‘वृषभानु’ नाम उसका पड़ता है, जिसके अधिकार में दस लाख गौएँ रहती हैं, ऐसी ही जिसके यहाँ एक करोड़ॅ गौओं की रक्षा होती है, वह ‘नन्दराज’ कहलाता है।

पचास लाख गौओं के अध्यक्ष की ‘वृषभानुवर’ संज्ञा है। ‘सुचन्द्र’ और ‘द्रोण’- ये दो ही व्रज में इस प्रकार के सम्पूर्ण लक्षणों से सम्पन्न गोपराज बनेंगे और मेरे दिव्य व्रज में सुन्दर वस्त्र धारण करने वाली शतचन्द्रानना गोप सुन्दरियों के सौ यूथ होंगे।

श्रीब्रह्माजी ने कहा- भगवन ! आप दीनजनों के बन्धु और जगत के कारण (प्रकृति) के भी कारण हैं। प्रभो ! अब आप मेरे समक्ष यूथ के सम्पूर्ण लक्षणों का वर्णन कीजिये।

श्रीभगवान बोले- ब्रह्माजी ! मुनियों ने दस कोटि को एक ‘अर्बुद’ कहा है। जहाँ दस अर्बुद होते हैं। उसे ‘यूथ’ कहा जाता है। यहाँ की गोपियों में कुछ गोलोकवासिनी हैं, कुछ द्वारपालिका हैं, कुछ श्रृंगार साधनों की व्यवस्था करने वाली हैं और कुछ शय्या सँवारने में संलग्न रहती हैं। कई तो पार्षद कोटि में आती हैं और कुछ गोपियाँ श्रीवृन्दावन की देख-रेख किया करती हैं। कुछ गोपियों का गोर्वधन गिरि पर निवास है। कई गोपियों कुंजवन को सजाती सँवारती हैं तथा बहुतेरी गोपियाँ मेरे निकुंज में रहती हैं। इन सबको मेरे व्रज में पधारना होगा। ऐसे ही यमुना-गंगा के भी यूथ हैं। इसी प्रकार रमा, मधुमाधवी, विरजा, ललिता, विशाखा एवं माया के यूथ होंगे। ब्रह्माजी ! इसी प्रकार मेरे व्रज में आठ, सोलह और बत्तीस सखियों के भी यूथ होंगे। पूर्व के अनेक युगों में जो श्रुतियाँ, मुनियों की पत्नियाँ, अयोध्या की महिलाएँ, यज्ञ में स्थापित की हुई सीता, जनकपुर एवं कोसल देश की निवासनी सुन्दरियाँ तथा पुलिन्द कन्याएँ थीं तथा जिनको मैं पूर्ववर्ती युग-युग में वर दे चुका हूँ, वे सब मेरे पुण्यमय व्रज में गोपीरूप में पधारेंगी और उनके भी यूथ होंगे।

श्रीब्रह्माजी ने पूछा- पुरुषोत्तम ! इन स्त्रियों ने कौन-सा पुण्य-कार्य किया है तथा इन्हें कौन-कौन-से वर मिल चुके हैं, जिनके फलस्वरूप ये व्रज में निवास करेंगी ? कारण, आपका वह स्थान तो योगियों के लिये भी दुर्लभ है।

श्रीभगवान बोले- पूर्वकाल में श्रुतियों ने श्वेतद्वीप में जाकर वहाँ मेरे स्वरूपभूत भूमा (विराट पुरुष या परब्रह्म) का मधुर वाणी में स्तवन किया। तब सहस्र पाद विराट पुरुष प्रसन्न हो गये और बोले।

श्रीहरिने कहा- श्रुतियों ! तुम्हें जो भी पाने की इच्छा हो, वह वर माँग लो। जिनके ऊपर मैं स्वयं प्रसन्न हो गया, उनके लिये कौन-सी वस्तु दुर्लभ है?

श्रुतियाँ बोलीं- भगवन ! आप मन वाणी से नहीं जाने जा सकते; अत: हम आपको जानने में असमर्थ हैं। पुराणवेत्ता ज्ञानी पुरुष यहाँ जिसे केवल ‘आनन्दमात्र’ बताते हैं, अपने उसी रूप का हमें दर्शन कराइये। प्रभो ! यदि आप हमें वर देना चाहते हों तो यही दीजिये। श्रुतियों की ऐसी बात सुनकर भगवान ने उन्हें अपने दिव्य गोलोकधाम का दर्शन कराया, जो प्रकृति से परे हैं। वह लोक ज्ञानानन्दस्वरूप, अविनाशी तथा निर्विकार है। वहाँ ‘वृन्दावन’ नामक वन है, जो कामपूरक कल्पवृक्षों से सुशोभित है। मनोहर निकुंजों से सम्पन्न वह वृन्दावन सभी ऋतुओं में सुखदायी है। वहाँ सुन्दर झरनों और गुफाओं से सुशोभित ‘गोवर्धन’ नामक गिरि है। रत्न एवं धातुओं से भरा हुआ वह श्रीमान पर्वत सुन्दर पक्षियों से आवृत है।


वहाँ स्वच्छ जल वाली श्रेष्ठ नदी ‘यमुना’ भी लहराती है। उसके दोनों तट रत्नों से बँधे हैं। हंस और कमल आदि से वह सदा व्याप्त रहती है। वहाँ विविध रास-रंग से उन्मत्त गोपियों का समुदाय शोभा पाता है। उसी गोपी समुदाय के मध्य भाग में किशोर वय से सुशोभित भगवान श्रीकृष्ण विराजते हैं। उन श्रुतियों को इस प्रकार अपना लोक दिखाकर भगवान बोले-‘कहो, तुम्हारे लिये अब क्या करूँ ? तुमने मेरा यह लोक तो देख ही लिया, इससे उत्तम दूसरा कोई वर नहीं है’।

श्रुतियों ने कहा- प्रभो ! आपके करोड़ों कामदेवों के समान मनोहर श्रीविग्रह को देखकर हममें कामिनी-भाव आ गया है और हमें आपसे मिलने की उत्कट इच्छा हो रही है! हम विरह ताप संतप्त हैं-इसमें सन्देह नहीं है। अत: आपके लोक में रहने वाली गोपियाँ आपका संग पाने के लिये जैसे आपकी सेवा करती हैं, हमारी भी वैसी ही अभिलाषा है।

श्रीहरि बोले- श्रुतियों ! तुम लोगों का यह मनोरथ दुर्लभ एवं दुर्घट है; फिर भी मैं इसका भलीभाँति अनुमोदन कर चुका हूँ, अत: वह सत्य होकर रहेगा। आगे होने वाली सृष्टि में जब ब्रह्मा जगत की रचना में संलग्न होंगे, उस समय सारस्वत कल्प बीतने पर तुम सभी श्रुतियाँ व्रज में गोपियाँ होओगी। भूमण्डल पर भारतवर्ष में मेरे माथुर मण्डसल के अंतर्गत वृन्दावन में रास मण्ड ल के भीतर मैं तुम्हारा प्रियतम बनूँगा। तुम्हारा मेरे प्रति सुदृढ़ प्रेम होगा, जो सब प्रेमों से बढ़कर है। तब तुम सब श्रुतियाँ मुझे पाकर सफल-मनोरथ होओगी।

श्रीभगवान कहते हैं- ब्रह्माजी ! पूर्व कल्प मैंने वर दे दिया है, उसी के प्रभाव से वे श्रुतियाँ व्रज में गोपियाँ होंगी। अब अन्य गोपियों के लक्षण सुनो। त्रेतायुग में देवताओं की रक्षा और राक्षसों का संहार करने के लिये मेरे स्वरूपभूत महापराक्रमी श्रीरामचन्द्रजी अवतीर्ण हुए थे। कमल लोचन श्रीराम ने सीता के स्वयंवर में जाकर धनुष तोड़ा और उन जनकनन्दिनी श्रीसीताजी के साथ विवाह किया। ब्रह्माजी ! उस अवसर पर जनकपुर की स्त्रियाँ श्रीराम को देखकर प्रेमविह्वल हो गयीं।

उन्होंने एकांत में उन महाभाग से अपना अभिप्राय प्रकट किया- ‘राघव ! आप हमारे परम प्रियतम बन जायँ।’ तब श्रीराम ने कहा ‘सुन्दरियों ! तुम शोक मत करो। द्वापर के अंत में मैं तुम्हारी इच्छा पूर्ण करूँगा। तुम लोग परम श्रद्धा और भक्ति के साथ तीर्थ, दान, तप, शौच एवं सदाचार का भलीभाँति पालन करती रहो। तुम्हें व्रज में गोपी होने का सुअवसर प्राप्त होगा।’ इस प्रकार वर देकर धनुर्धारी करूणानिधि श्रीराम ने अयोध्या के लिये प्रस्थान कर दिया। उस समय मार्ग में अपने प्रताप से उन्होंने भृगुकुल नन्दन परशुरामजी को परास्त कर दिया था। कोसल-जनपद की स्त्रियों ने भी राजपथ से जाते हुए उन कमनीय कांति राम को देखा। उनकी सुन्दरता कामदेव को मोहित कर रही थी। उन स्त्रियों ने श्रीराम को मन ही मन पति के रूप में वरण कर लिया। उस समय सर्वज्ञ श्रीराम ने उन समस्त स्त्रियों को मन ही मन वर दिया- ‘तुम सभी व्रज में गोपियाँ होओगी और उस समय मैं तुम्हारी इच्छा पूर्ण करूँगा। फिर सीता और सैनिकों के साथ रघुनाथजी अयोध्या पधारे। यह सुनकर अयोध्या में रहने वाली स्त्रियाँ उन्हें देखने के लिये आयीं। श्रीराम को देखकर उनका मन मुग्ध हो गया। वे प्रेम से विह्वल हो मूर्च्छित-सी हो गयीं। फिर वे श्रीराम के व्रत में परायण होकर सरयू के तट पर तपस्या करने लगीं। तब उनके सामने आकाशवाणी हुई- ‘द्वापर के अंत में यमुना के किनारे वृन्दावन में तुम्हारे पूर्ण होंगे, इसमें सन्देह नहीं है। जिस समय श्रीराम ने पिता की आज्ञा से दण्डक वन की यात्रा की, सीता तथा लक्ष्मण भी उनके साथ थे और वे हाथ में धनुष लेकर इधर-उधर विचर रहे थे। वहीं बहुत-से मुनि थे। उनकी गोपाल-वेषधारी भगवान के स्वरूप में निष्ठा थी। रासलीला के निमित्त वे भगवान का ध्यान करते थे। उस समय श्रीराम की युवा अवस्था थी-वे हाथ में धनुष-बाण धारण किये हुये थे। जटाओं के मुकुट से उनकी विचित्र शोभा थी। अपने आश्रम पर पधारे हुए श्रीराम में उन मुनियों का ध्यान लग गया। (वे ऋषि लोग गोपाल-वेषधारी भगवान के उपासक थे) अत: दूसरे ही स्वरूप में आये हुए श्रीराम को देखकर सबके मन में अत्यंत आश्चर्य हो गया।
उनकी समाधि टूट गयी और देखा तो करोड़ों कामदेवों के समान सुन्दर श्रीराम दृष्टिगोचर हुए। तब वे बोल उठे- ‘अहो ! आज हमारे गोपालजी वंशी एवं बेंत के बिना ही पधारे हैं।’- इस प्रकार मन ही मन विचार कर सबने श्रीराम को प्रणाम किया और उनकी उत्तम स्तुति करने लगे। तब श्रीराम ने कहा- ‘मुनियों ! वर माँगो।’ यह सुनकर सभी ने एक स्वर से कहा- ‘जिस भाँति सीता आपके प्रेम को प्राप्त हैं, वैसे ही हम भी चाहते हैं’। श्रीराम बोले- यदि तुम्हारी ऐसी प्रार्थना हो कि जैसे भाई लक्ष्मण हैं, वैसे ही हम भी आपके भाई बन जायँ, तब तो आज ही मेरे द्वारा तुम्हारी अभिलाषा पूर्ण हो सकती है; किंतु तुमने तो ‘सीता’ के समान होने का वर माँगा है। अत: यह वर महान कठिन और दुर्लभ है; क्योंकि इस समय मैंने एक पत्नि-व्रत धारण कर रखा है। मैं मर्यादा की रक्षा में तत्पर रहकर ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ भी कहलाता हूँ। अतएव तुम्हें मेरे वर का आदर करके द्वापर के अंत में जन्म धारण करना होगा और वहीं मैं तुम्हारे इस उत्तम मनोरथ को पूर्ण करूँगा। इस प्रकार वर देकर श्रीराम स्वयं पंचवटी पधारे। वहाँ पर्णकुटि में रहकर वनवास की अवधि पूरी करने लगे। उस समय भीलों की स्त्रियों ने उन्हें देखा। उनमें मिलने की उत्कट इच्छा उत्पन्न होने के कारण वे प्रेम से विह्वल हो गयीं। यहाँ तक कि श्रीराम के चरणों धूल मस्तक पर रखकर अपने प्राण छोड़ने की तैयारी करने लगीं। उस समय श्रीराम ब्रह्मचारी के वेष में वहाँ आये और इस प्रकार बोले-‘स्त्रियो ! तुम व्यर्थ ही प्राण त्यागना चाहती हो; ऐसा मत करो। द्वापर के शेष होने पर वृन्दावन में तुम्हारा मनोरथ पूर्ण होगा।’ इस प्रकार का आदेश देकर श्रीराम का वह ब्रह्मचारी रूप वहीं अंतर्हित हो गया। तत्पश्चात् श्रीराम ने सुग्रीव आदि प्रधान वानरों की सहायता से लंका में जाकर रावण प्रभृति राक्षसों को परास्त किया। फिर सीता को पाकर पुष्पक विमान द्वारा अयोध्या चले गये। राजाधिराज श्रीराम ने लोकापवाद के कारण सीता को वन में छोड़ दिया।

अहो ! भूमण्ड ल पर दुर्जनों का होना बहुत ही दु:खदायी है। जब-जब कमललोचन श्रीराम यज्ञ करते थे, तब-तब विधिपूर्वक सुवर्णमयी सीता की प्रतिमा बनायी जाती थी। इसलिये श्रीराम-भवन में यज्ञ-सीताओं का एक समूह ही एकत्र हो गया। वे सभी दिव्य चैतन्य-घनस्वरूपा होकर श्रीराम के पास गयीं। उस समय श्रीराम ने उनसे कहा- ‘प्रियाओं ! मैं तुम्हें स्वीकार नहीं कर सकता।’ वे सभी प्रेम परायणा सीता-मूर्तियाँ दशरथ नन्दन श्रीराम से कहने लगीं- ‘ऐसा क्यों ? हम तो आपकी सेवा करने वाली हैं। हमारा नाम भी मिथिलेश कुमारी सीता है और हम उत्तम व्रत का आचरण करने वाली सतियाँ भी हैं; फिर हमें आप ग्रहण क्यों नहीं करते ? यज्ञ करते समय हम आपकी अर्धांगिनी बनकर निरंतर कार्यों का संचालन करती रही हैं। आप धर्मात्मा और वेद के मार्ग का अवलम्बन करने वाले हैं, यह अधर्मपूर्ण बात आपके श्रीमुख से कैसे निकल रही है ? यदि आप स्त्री का हाथ पकड़-कर उसे त्यागते हैं तो आपको पाप का भागी होना पड़ेगा। श्रीराम बोले- सतियों ! तुमने मुझसे जो बात कही है, वह बहुत ही उचित और सत्य है। परंतु मैंने ‘एकपत्निव्रत’ धारण कर रखा है ? सभी लोग मुझे ‘राजर्षि’ कहते हैं। अत: नियम को छोड़ भी नहीं सकता। एकमात्र सीता ही मेरी सहधर्मिणी है। इसलिये तुम सभी द्वापर के अंत में श्रेष्ठ वृन्दावन में पधारना, वहीं तुम्हारी मन:कामना पूर्ण करूँगा। भगवान श्रीहरि ने कहा- ब्रह्मन ! वे यज्ञ-सीता ही व्रज में गोपियाँ होंगी। अन्य गोपियों का भी लक्षण सुनो। इस प्रकार श्रीगर्गसंहिता में गोलोक खण्डन के अंतर्गत भगवद ब्रह्म संवाद में ‘अवतार के उद्योग विषयक प्रश्न का वर्णन’ नामक चौथा अध्याय पूरा हुआ।

Comments

Popular posts from this blog

06. द्वारकाखण्ड || अध्याय 19 || लीला-सरोवर, हरिमन्दिर, ज्ञानतीर्थ, कृष्‍ण-कुण्‍ड, बलभद्र-सरोवर, दानतीर्थ, गणपति तीर्थ और मायातीर्थ आदि का वर्णन

21.01 *श्री कृष्ण का संपूर्ण जीवन वृत्त*

06. द्वारकाखण्ड || अध्याय 14 || द्वारका क्षेत्र के समुद्र तथा रैवतक पर्वत का माहात्‍म्‍य